पंतनगर विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

रिपोर्टर – ईशान श्रीवास्तव
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए विभिन्न स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीए/एमबीए (एग्रीबिजनेस), एमसीए और पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों के भीतर आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन 6 जून और 7 जून 2026 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित है। वहीं, एमबीए/एमबीए (एग्रीबिजनेस) में प्रवेश CAT/CMAT तथा विश्वविद्यालय की मेरिट के आधार पर होगा।
स्नातक स्तर पर बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, बी.टेक फूड टेक्नोलॉजी, बी.वी.एससी. एवं ए.एच., बी.एफ.एससी., बी.एससी. कम्युनिटी साइंस और बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी जैसे पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि प्रायोजित (Sponsored) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन 1 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए ₹1200 तथा अनुसूचित जाति/जनजाति एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए ₹600 रखा गया है। एमबीए और पीएचडी कार्यक्रमों के लिए शुल्क ₹1500 निर्धारित है।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन से पूर्व सभी दिशा-निर्देश ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
